यूपी चुनाव से पहले अजय राय की छुट्टी, आराधना मिश्रा बनीं कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष; इमरान मसूद को भी मिली जगह

यूपी चुनाव से पहले अजय राय की छुट्टी, आराधना मिश्रा बनीं कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष; इमरान मसूद को भी मिली जगह

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन और विधानमंडल दल में बड़ा बदलाव किया है। प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा फरेंदा से विधायक चौधरी वीरेंद्र सिंह को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष का पद वर्ष 2022 में सृजित किया गया था। उस समय बृजलाल खाबरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के साथ अजय राय और नसीमुद्दीन सिद्दीकी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। नई नियुक्तियों में कांग्रेस ने सवर्ण, मुस्लिम, पिछड़ा और अनुसूचित जाति के प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाया है।

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इमरान मसूद के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश को संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि देविंदर निषाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए जाने से पूर्वांचल की भागीदारी बढ़ी है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए आलोक प्रसाद अनुसूचित जाति से हैं। वह महाराजगंज (एससी) विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तीन चुनाव लड़ चुके हैं। प्रदेश संगठन में बदलाव के साथ कांग्रेस ने विधानसभा में अपने विधानमंडल दल के नेता को भी बदला है। अब चौधरी वीरेंद्र सिंह कांग्रेस विधायकों के नेता होंगे। विधानसभा में उनके अलावा आराधना मिश्रा मोना कांग्रेस की विधायक हैं।